झुलसती धरा की पुकार Poem by Rajnish Rajan

झुलसती धरा की पुकार

नभ के कठिन प्रांगण खड़ा, मार्तण्ड का अभिमान है;
ज्वाला बिखरती रश्मियाँ, झुलसा रहा भू-भाग है।
आतप विकल वसुधा हुई, झुलसा रहा जग-प्राण है;
पश्चिम क्षितिज के छोर पर, यह तेज भी ढल जाएगा।
पर मौन नभ के कोने में जाकर, तिमिर में खो जाएगा;
हँसकर बिछाने चाँदनी, फिर शशधर यहाँ आएगा।

हे अनिल! ला तनिक शीतलता, निज अमित गरिमा जगा;
चल मंद गति मस्तानी बन, ये प्रखर लपटें मत बहा।
दे शांति शीतल, तृप्त कर, बन ताप-हारी संसार का;
बन तूर्य झंझावात का, अब मेघ-अंबर तान तू।
कर शांत शीतल चित्त को, ले वेग नव अब बह पवन;
झुलसे हुए इस विश्व को, दे नव-जीवन का सृजन।

हे देव गिरि के! सुन विनय, मार्तण्ड को अब शांत कर;
हो सके तो ढक ले उसे, अंबर जलद से पूरित कर।
हाहाकार जग में मच रहा, यह आर्तनाद तू भी सुन;
मीन व्याकुल नीर बिन, जल को तनिक शीतल तो कर।

सुन आर्तनाद इस सृष्टि का, अब देव! करुणा धार दो;
घनघोर जलद की ओट में, मार्तण्ड को विश्राम दो।
व्याकुल सभी खग-वृन्द हैं, जीवन तड़प कर रो रहा;
बरसो बनो जीवन-प्रदाता, ताप सब संहार दो।

कहो इससे, हे देव गिरि! यह रौद्र रूप अविकल न रहे;
हम सतत अर्चक हैं इसके, पर तरुवर अब भू पर न रहे।
संवरण करे यह चण्ड विभव, मंदित कौतुक बिखराए अब;
मूर्छित वसुधा, व्याकुल चराचर, जीव-मनुज बेसुध पड़े।

हे सूर्य देव! तुम शरद काल में आना, तब चण्ड रूप सिखलाना;
अनुकूल समय जब हो जग का, तब विमल प्रकाश को फैलाना।
संकट-विकल है अखिल सृष्टि अब, तनिक तो मंद स्मित लाना;
इस झुलस रही व्याकुल धरा पर, फिर अमृत रस तुम बरसाना।

COMMENTS OF THE POEM
READ THIS POEM IN OTHER LANGUAGES
Close
Error Success